Bihar Crime: बिहार के बांका जिले से आज सोमवार की सुबह दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां अमरपुर थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर दो शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। एक ओर मकई के खेत में महिला का अर्धनग्न हालत में शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। वहीं, दूसरी ओर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे लोगों में भय का माहौल कायम हो गया।

अर्ध नग्न हालत में मिली लाश

दरअसल आज सुबह रामपुर मांधी बाजार के पास खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर जब मकई के एक खेत में पड़े महिला के पड़े शव पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। महिला का शव अर्धनग्न हालत में था, जिसे लेकर महिला के साथ गलत होने और फिर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने इसकी सूचना में पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

महिला की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस ने आसपास के लोगों की सहायता से महिला के शव की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। शव के हालात को देखते हुए महिला के हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला के मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है।

युवक की गोली मारकर हत्या

दूसरी ओर अमरपुर थाना क्षेत्र के डटबाटी गांव मोड़ के पास आज सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का शव देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटना को लेकर आशंका जताई जा रही है कि रविवार की रात गोली मारकर युवक की हत्या की गई है। इस दूसरे घटना में भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक युवक की उम्र 30 साल के करीब बताया जा रहा है।

जेब में मिला चाकू और कई चाबियां

पुलिस ने जब मृतक युवक की तलाशी ली तो उसके जेब से एक चाकू, बाइक की कई चाबियां समेत कुछ अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुए। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़ा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

छानबीन में जुटी पुलिस

दोहरी हत्या जैसे गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से कुछ जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जो आगे चलकर जांच में काफी अहम साबित हो सकते हैं। जिले में दो हत्याओं से अमरपुर क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मामलों को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- बिहार के इस जिले में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, SSP ने 7 इंस्पेक्टर का किया तबादला