कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हनुमानताल थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जो फोन पर ऑर्डर लेकर गांजे और घातक नशीले इंजेक्शनों की होम डिलीवरी व सप्लाई किया करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और हथियार बरामद किया है।
जीतू पटवारी का दावा: सरकार को निपटाने में लगे हैं शिवराज, कैलाश और प्रहलाद, बीजेपी के ही नेता
राजराजेश्वरी मंदिर के पास चल रहा था सौदा
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रेमसागर चौकी के आगे, राजराजेश्वरी मंदिर के पास दो युवक नशीले इंजेक्शन और गांजा बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एक विशेष टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस ने मौके से दो संदिग्धों को दबोचा, जिनकी पहचान साहिल सोनकर और सावन सोनकर के रूप में हुई है। यह दोनों आपस में सगे भाई हैं और लंबे समय से क्षेत्र में नशे का जाल फैला रहे थे।
आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ जारी
पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध मादक पदार्थ और हथियार बरामद हुए। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 430 ग्राम अवैध गांजा, 125 नग घातक इंजेक्शन, एक अवैध चाइना चाकू (जिसका उपयोग वे डराने-धमकाने के लिए करते थे), 18 हजार रुपये कैश जब्त की है। हनुमानताल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे ये नशीले इंजेक्शन और गांजा कहां से लाते थे और इस रैकेट में उनके साथ और कौन-कौन शामिल है।

