कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार भले ही सुशासन का दावा करते हुए अपनी पीठ थपथपाती हो, लेकिन जमीनी हालात ठीक इसके उलट नजर आते हैं। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए दिन हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। ताजा और शर्मनाक मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है।
तिलक समारोह में डांस के बहाने बुलाया
घटना नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार बीते 18 जून को दोनों बहनों को एक तिलक समारोह में डांस प्रोग्राम करने के बहाने बुलाया गया था। आरोप है कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाने के बजाय मुन्ना कुमार, उसका चचेरा भाई सूरज समेत अन्य युवकों ने उन्हें जबरन अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दोनों बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने जब इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट भी की गई। साथ ही दुष्कर्मियों उनसे उनका मोबाइल भी छिन लिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पूरी रात सगी बहनों के साथ किया गया दुष्कर्म
पीड़ित बहनों ने बताया कि पूरी रात दुष्कर्म करने के बाद जब शुक्रवार की सुबह सभी आरोपी उन्हें छोड़ने के लिए ला रहे थे, तब फुलवारी थाना क्षेत्र में उन्होंने मौका देखकर शोर मचाया। उनका शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस 112 को भी फोन किया गया। इस बीच सभी आरोपी मौका देखकर भाग निकले। सूचना के बाद पहुंची पुलिस उन्हें फुलवारी थाने लाई। फिर बाद में उन्हें नौबतपुर थाने में भेजा गया, जहां पीड़ित बहनों ने शिकायत दर्ज कराई।
10 के खिलाफ एफआईआर दर्ज, 1 गिरफ्तार
नौबतपुर थाने की पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करते हुए मामले में एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अन्य फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घटना को लेकर नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि पीड़िताओं के आवेदन के आधार पर मुन्ना कुमार, सूरज कुमार और भानु कुमार समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
झारखंड की रहने वाली हैं दोनों पीड़िता
मिली जानकारी के अनुसार दोनों पीड़ित बहने झारखंड की रहने वाली है, जो पटना के मीठापुर क्षेत्र में रहती थी और शादी समारोह व अन्य कार्यक्रमों में डांस कर अपनी जीविका चलाती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की पुलिस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
ये भी पढ़ें- ‘लालू जी और मुझे मारने की साजिश’, तेज प्रताप ने आकाश यादव के खिलाफ की शिकायत, तेजस्वी से मदद की गुहार

