Bihar Crime: बिहार के मधेपुरा से दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मां की डांट से आहत होकर दो सगी हनों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। दो सगी बहनों की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पूरा मामला ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के खोखसी पंचायत स्थित अमौना गोढ़ियारी वार्ड संख्या-11 का है। मृतक बहनों की पहचान अरुण मुखिया की 14 वर्षीय पुत्री रीका कुमारी और 12 वर्षीय अनीता कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मां और पिता दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेत में मां ने लगाई थी डांट

बताया जा रहा है कि आज शुक्रवार को दोनों बहनें अपनी मां कविता देवी के साथ खेत में मक्का का भुट्टा छीलने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर मां ने दोनों बेटियों को डांट दिया और मक्का के डंठल से पिटाई भी कर दी। मां की डांट और पिटाई दोनों बहनों को इतना नागवार गुजरा की वे खेत से घर लौट आईं, लेकिन उनकी मां कविता देवी अभी भी खेत में काम कर रही थीं।

फंदे से लटकता मिला दोनों का शव

खेत का काम पूरा करने के बाद जब कविता देवी दोपहर करीब 3 बजे घर पहुंची तो उन्होंने देखा कि उनकी दोनों बेटियां घर के खंभे से फंदे के सहारे लटकी हुई थी। दोनों बच्चियों को इस हालत में देख उनके पैरों तले जमीन निकल गई और वह चिखने लगी। उन्होंने रस्सी को काटकर दोनों बच्चियों को नीचे उतारा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों बहनों की मौत हो चुकी थी। दोनों बहनों के मौत की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मजदूरी करने गए थे पिता

घटना के समय मृतक बच्चियों के पिता अरुण मुखिया मजदूरी के लिए घर से बाहर थे। घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में वह घर पहुंचे। दोनों बच्चियों को मृत हालत में देख वह दहाड़ मारकर रोने लगे। उन्होंने बताया कि उन्हें कुछ नहीं पता कि दोनों बेटियों ने ऐसा कदम क्यों उठाया? उन्होंने कहा कि, उनकी बेटियां पढ़ाई में ज्यादा मन नहीं लगाती थीं और वे मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

छानबीन में जुटी पुलिस

उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों बहनों के शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार भी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- छेड़खानी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाले से बुजुर्ग की हत्या, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल