Bihar News: बेगूसराय में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। पूरा मामला लाखो थाना क्षेत्र के अयोध्याबाड़ी की है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

शादी समारोह से लौट रहे थे युवक

मृतक युवकों की पहचान बमबम कुमार तांती और रोशन कुमार के रूप में हुई है। दोनों मृतक शांतिनगर सूजा गांव के रहने वाले थे। हादसे के समय किसी तरह अपनी जान बचाकर गड्ढे से बाहर निकले युवक ने घटना की जानकारी दी। परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए खातोपुर चौक जा रहे थे। इसी दौरान रात के समय अयोध्याबाड़ी रेलवे गुमटी के पास सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी से बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी।

गमछा बनी मौत की वजह

मिली जानकारी के अनुसार बाइक चला रहे बमबम कुमार ने बीच बैठे रोशन कुमार को लाल रंग के गमछे से अपनी कमर में बांध रखा था। यही वजह रहा कि गड्ढे में गिरने के बाद वे दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूबने से दोनों की मौत हो गई। वहीं, तीसरा और पीछे बैठा किसी तरह बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन अंधेरा और गहरे पानी के कारण रात में सफलता नहीं मिल सकी।

नाराज ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

आज गुरुवार सुबह दोनों युवकों के शव पानी से बरामद किए गए, जिसके बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने खातोपुर चौक के पास NH-31 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर शव रखकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह गड्ढा लंबे समय से पानी जमा होने के कारण खतरनाक रूप ले चुका है, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन ने इस समस्या को हल करने हेतु कोई कदम नहीं उठाया। लोगों का यह भी कहना है कि इस जगह पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।

मुआवजा देने के आश्वासन पर हटा जाम

वहीं, सड़क जाम होने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों का समझा-बुझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि आक्रोशित ग्रामीण कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। काफी देर बाद जब प्रशासन की ओर से गड्ढे को भरने और मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वसन दिया गया तो ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जाम समाप्त कराया।

ये भी पढ़ें- शराब कारोबारी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला, ASI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल