Bihar Road Accident: बिहार के बेतिया में कल शुक्रवार की देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इस बीच देर रात 2 बजे के करीब मछली लोक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत
हादसा इतना भयानक था की बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर गया। घटना के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, घायल युवक को इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक युवकों की पहचान गुलशन कुमार और चेतन कुमार के रूप में हुई है, जो बानूछापर वार्ड संख्या-29 के निवासी थे। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दोनों के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है, जिससे घटना की वजह का पता लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें- NEET री-एग्जाम कल: पटना में पर्यवेक्षकों को दी गई विशेष ट्रेनिंग, 12 से अधिक छात्रों ने की खुदकुशी

