Udaipur Human Trafficking Case: राजस्थान के उदयपुर से जुड़े कथित मानव तस्करी के एक गंभीर मामले में गोवा से सात बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। गोवा रेलवे पुलिस और गोवा बाल कल्याण समिति (CWC) की कार्रवाई में दो लड़कियों और पांच लड़कों को बचाया गया। सभी बच्चों की उम्र 7 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मामले को लेकर उदयपुर से बीजेपी सांसद मन्नालाल रावत ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
पढ़ाई के नाम पर तमिलनाडु ले जाए जा रहे थे बच्चे

सांसद मन्नालाल रावत का दावा है कि बच्चों को तमिलनाडु के एक स्कूल में दाखिला दिलाने के नाम पर उदयपुर से बाहर ले जाया जा रहा था। उनके अनुसार, बच्चों को पहले बस से अहमदाबाद ले जाया गया और वहां से ट्रेन के जरिए गोवा पहुंचाया गया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने रेलवे पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गोवा बाल कल्याण समिति ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बच्चों को रेस्क्यू किया।
झाड़ोल क्षेत्र के बताए जा रहे हैं सभी बच्चे
जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू किए गए सभी बच्चे उदयपुर जिले की झाड़ोल तहसील के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। गोवा बाल कल्याण समिति ने इस संबंध में उदयपुर बाल कल्याण समिति को सूचना दी, जिसके बाद उदयपुर से एक टीम गोवा पहुंची और सभी बच्चों को वापस लेकर आई। फिलहाल बाल कल्याण समिति बच्चों की काउंसलिंग कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
सांसद का दावा, पहले भी भेजे जा चुके हैं बच्चे
बीजेपी सांसद मन्नालाल रावत ने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा का लालच देकर राजस्थान से बाहर भेजा जा रहा है। उनका दावा है कि उदयपुर के करीब 15 बच्चे पहले से ही वहां मौजूद हो सकते हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि शिक्षा की आड़ में कथित ईसाई मिशनरियों और एक संगठित नेटवर्क द्वारा बच्चों का धर्मांतरण कराया जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में अब तक किसी जांच एजेंसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
NIA, CBI और IB से जांच की मांग
सांसद रावत ने अपने पत्र में मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) से कराने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे नेटवर्क के तार पंजाब, झारखंड, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु के अलावा पाकिस्तान और नेपाल तक जुड़े हो सकते हैं।
पढ़ें ये खबरें
- दुर्गा पंडालों की सुरक्षा पर CM योगी सख्त! अफसरों को फील्ड में डटे रहने के निर्देश, कोताही पर होगी सीधी कार्रवाई
- ऑडी Q3 की दमदार एंट्री! 51.99 लाख कीमत, नए लुक और लग्जरी फीचर्स से मचाएगी धूम
- ये क्या! बंदरों के आतंक से ग्रामीण परेशान, नेशनल हाइवे पर किया चक्काजाम, 3 घंटे तक थम गए पहिये
- शासकीय उचित मूल्य की दुकान में 23 लाख रुपए की हेराफेरी, स्व-सहायता समूह के संचालकों के खिलाफ दर्ज किया मामला
- वन भूमि कब्जा हटाने के दौरान खूनी झड़प: पुलिस और वन विभाग की टीम पर हमला, 25 गांव वालों समेत 2 वनकर्मी घायल

