प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आयुर्वेदिक इंटर्न डॉक्टरों ने अस्पताल में ताला जड़ दिया। सोमवार को करीब 200 आयुर्वेद छात्र-छात्राओं ने कॉलेज और अस्पताल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। बीते सात दिनों से धरना दे रहे विद्यार्थियों का कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। तालाबंदी के कारण सुबह अस्पताल पहुंचने वाले डॉक्टरों, अन्य स्टाफ और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों की मांग है कि बीएएमएस इंटर्न को मिलने वाला स्टाइपेंड बढ़ाकर एमएमबीएस के बराबर 21,500 रुपये प्रतिमाह किया जाए। विद्यार्थियों के मुताबिक, वर्तमान में मध्यप्रदेश में बीएएमएस इंटर्न को महज 9,383 रुपये मानदेय दिया जा रहा है, जबकि अन्य राज्यों में इंटर्न को इससे अधिक स्टाइपेंड मिलता है। बीएएमएस और एमबीबीएस इंटर्न समान तरह की ड्यूटी करते हैं, लेकिन स्टाइपेंड में बड़ा अंतर है।
ये भी पढ़ें: शिवराज को अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठना पड़ा! सज्जन सिंह वर्मा का तीखा हमला, बोले- ‘यह केंद्र सरकार का अघोषित आपातकाल है’
विद्यार्थियों का तर्क है कि समान कार्य के लिए समान मानदेय मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बढ़ा हुआ स्टाइपेंड तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि मांग पूरी करने संबंधी लिखित आदेश चाहिए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

