प्रदीप मालवीय, उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर के ढाबा रोड स्थित प्रसिद्ध गेबी हनुमान मंदिर के बाहर मुख्य मार्ग पर सो रहे एक लाचार बुजुर्ग भिखारी के साथ 5 नाबालिग बच्चों ने बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने न केवल बुजुर्ग को डंडों और लात-घूंसों से पीटा, बल्कि उनके पास रखे रुपए भी छीनकर भाग निकले। इस हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।

ये भी पढ़ें: भगवान महाकाल के दरबार पहुंचे स्वामी अवधेशानंद गिरिः दर्शन के बाद मंदिर समिति और प्रशासन की व्यवस्थाओं को सराहा

मध्यरात्रि में 10 मिनट तक तांडव, चीखता रहा बुजुर्ग

घटना 16 सितंबर की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। मंदिर के पास दुकान के बाहर सो रहे बुजुर्ग को करीब 9 से 11 वर्ष की उम्र के पांच बच्चों ने घेर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे लगभग 10 मिनट तक बुजुर्ग पर लात-घूंसे बरसाते रहे और लकड़ी से चोट पहुँचाते रहे। बुजुर्ग लगातार चीखते-चिल्लाते हुए खुद को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन बच्चे हंसी-मजाक करते हुए उनके कपड़े खींचते और मारपीट करते रहे।

तमाशबीन बने रहे लोग, किसी ने नहीं बचाई जान

हैरानी और दुख की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर उन बच्चों को रोकने या बुजुर्ग को बचाने की कोशिश नहीं की। लोग मूकदर्शक बनकर पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया। इस संवेदनहीनता ने शहर के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

ये भी पढ़ें: बीजेपी प्रवक्ता डॉ. हितेष बाजपेयी का दिग्विजय पर तंज: बोले- उपहास से नेता नहीं बनते राहुल, मैच नहीं मन जीतिए

सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल, शिकायत का इंतजार

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों ने नाबालिगों की इस हरकत और सड़कों पर असहाय बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पर कड़े सवाल उठाए हैं। हालांकि घटना के संबंध में अब तक पुलिस में किसी भी पक्ष द्वारा आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m