प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बिजली बिल की वसूली करने गई टीम के साथ किसान और उसके बेटे ने मारपीट की। इस घटना में कर्मचारी की बाईं आंख, कंधे और सिर में चोट आई है। गुरुवार को घटना का वीडियो भी वायरल हुआ। पुलिस ने किसान और उसके बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। यह पूरा मामला बड़नगर तहसील के इंगोरिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खरसौद खुर्द का बताया जा रहा है।
बिजली विभाग में वरिष्ठ परीक्षण सहायक के पद पर पदस्थ ईश्वर भिलाला ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार दोपहर वह साथी कर्मचारियों कचरू गारी, घनश्याम गारी और अनिल के साथ किसान श्याम पंड्या के खेत स्थित मकान पर अस्थाई कृषि बिजली कनेक्शन के बिल की वसूली के लिए पहुंचे थे। ईश्वर के अनुसार, श्याम पंड्या ने बिल जमा करने से इनकार कर उन्हें घर से जाने को कहा।
ये भी पढ़ें: शाही मस्जिद के बाद अब ‘फलादिया’ पर संकट! ब्रिज के नक्शे में आ रहा 224 वर्ग फीट का हिस्सा, निगम ने थमाया नोटिस
जातिसूचक शब्द और गाली गलौज
ईश्वर ने कनेक्शन काटने की बात कही तो श्याम ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहे और गाली-गलौज की। इसके बाद उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान श्याम का बेटा अर्जुन पंड्या भी वहां पहुंचा और उसने भी मारपीट की। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी किसी तरह वहां से निकलकर थाने पहुंचे। बिजली विभाग का पूरा अमला थाने पहुंचा। इसके बाद रात करीब 8 बजे श्याम और अर्जुन पंड्या के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
घटना का वीडियो वायरल
गुरुवार को वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर पंड्या परिवार के लोगों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद दिखाई दे रहा है। बताया गया कि विवाद में दो पुरुषों और तीन महिलाओं के शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि, वायरल वीडियो और सभी लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच से होना बाकी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

