प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक और छात्रों के बीच हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। कक्षा 12वीं के छात्रों ने एक महिला इंटर्न शिक्षिका और एक पुरुष शिक्षक पर अभद्र व्यवहार व मारपीट का आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी पहुंच गए और शास्त्री नगर रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 12वीं (ए-2) के छात्र शनिवार दोपहर पढ़ाई छोड़कर स्कूल परिसर से बाहर आ गए। छात्रों का आरोप है कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल कक्षा में अंग्रेजी बोलने का दबाव बना रही थीं। जब कुछ छात्र अंग्रेजी में जवाब नहीं दे पाए तो उनके साथ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। छात्रों का यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान शिक्षक रवि पंड्या मौके पर पहुंचे और छात्र शिवेश चौधरी समेत अन्य छात्रों के साथ मारपीट की। इसके बाद अन्य छात्र भी विरोध में बाहर निकल गए और ABVP कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
इंटर्न शिक्षिका ने कही ये बात
सूचना मिलने पर नीलगंगा और माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने छात्रों के आरोपों को अलग तरीके से बताया। उनका कहना है कि वह कक्षा में पढ़ा रही थीं, तभी शिवेश समेत कुछ छात्र टेबल हिलाकर और बेंच बजाकर शोर-शराबा करने लगे। समझाने पर छात्रों ने अशोभनीय टिप्पणियां कीं और मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे। इसके बाद उन्होंने शिक्षक रवि पंड्या को बुलाया। शिक्षिका के अनुसार, रवि पंड्या ने छात्र को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में छात्र ने भी शिक्षक को थप्पड़ मार दिया।
शिक्षिका को हटाया
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान छात्रों और ABVP कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शाम करीब 6:30 बजे स्कूल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच चर्चा हुई। इसके बाद प्राचार्य विभा शर्मा ने लिखित आश्वासन दिया कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है। वहीं शिक्षक रवि पंड्या के मामले में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अब पूरे मामले में स्कूल प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

