प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में जलती चिता से मांस निकालकर खाने वाली कथित किन्नर काली नंद गिरी को गिरफ्तार किया गया है। काली नंद गिरी ने श्मशान से जलती चिता से मांस निकालकर खाया था। इतना ही नहीं इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया था। जिसमें लिखा था कि ‘यह तो बहुत टेस्टी है’। वायरल वीडियो की जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
दरअसल, इस मामले में दिनांक 30.08.2026 को फरियादी विष्णुनाथ ने थाना जीवाजीगंज पर रिपोर्ट की थी। जिसमें बताया कि काली उर्फ नंद गिरी ने चिता पर जल रहे मानव शव के साथ अमानवीय कृत्य कर उसका वीडियो बनाया गया और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर वायरल किया। इस कृत्य से मानव शव की अवहेलना होने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की शिकायत पर जीवाजीगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें: पैरों में पहिए, दिल में महादेव! स्केटिंग से 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पर निकला युवा
आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ की गई और प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई व विवेचना करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से काली नंद गिरी को जेल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि काली नंद गिरी पूर्व में भी विवादों में रही है। गढ़ कलिका मंदिर पर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर हंगामा किया था। वह खुद को किन्नर अखाड़े से जुड़ी होने का दावा करती है।
इस मामले में थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि काल भैरव घाट निवासी फरियादी विष्णुनाथ ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के साथ वीडियो भी दिया गया है, जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि चिता पर जल रहे शव के साथ छेड़छाड़ कर शव का अंश खाना दिखाया जा रहा है। शिकायत पर काली उर्फ नंद गीरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 301 में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



