देहरादून. किच्छा नगर निकाय चुनाव के दौरान स्ट्रांग रूम के सामने तिरपाल लगाए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया और कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ धरने पर बैठ गए. मौके पर भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को हिरासत में लिया. पूर्व सीएम हरीश रावत ने मारपीट का आरोप लगाते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि क्या अब चुनाव गुंडागर्दी से जीते जाएंगे?

इसे भी पढ़ें- नेताओं का ‘दंगल’: किच्छा में कांग्रेस विधायक और पूर्व BJP MLA के बीच झड़प, माहौल हुआ तनावपूर्ण

आगे हरीश रावत ने कहा कि किच्छा में हारती हुई सत्तारूढ़ पार्टी ने गुंडागर्दी प्रारंभ कर दी है. स्ट्रांग रूम देखने गए कांग्रेस के प्रत्याशी और वहाँ के विधायक (कांग्रेस) तिलकराज बेहड़ के साथ मारपीट की गई और ये मारपीट भी, पुलिस व पुलिस के अधिकारी उपस्थित में हुई है, उनके ऊपर हाथ छोड़ा जाता है. ये किस तरीके की गुंडागर्दी हो रही है और चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेना चाहिए.

इसे भी पढ़ें- उत्तराखंड 2027: क्या टूटेगा हर 5 साल वाला मिथक या बीजेपी रचेगी नया इतिहास?

आगे हरीश रावत ने कहा कि यदि छोटे-छोटे स्थानों पर भी पंचायत, जिला पंचायत, नगर पंचायत के चुनावों में इस तरीके से परिणामों को प्रभावित करने की कोशिश होगी और गुंडागर्दी की जाएगी, तो ये लोकतंत्र के लिए स्वस्थ संकेत नहीं है और उत्तराखंड के लिए भी स्वस्थ संकेत नहीं है. हम इसकी निंदा करते हैं और पार्टी जो भी एक्शन प्रोग्राम बनाएगी, तिलकराज बेहड़ जी जो भी एक्शन प्रोग्राम बनाएंगे, हम सब लोग उसके लिए संघर्ष करेंगे, लड़ेंगे.