शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल में एक तीखा बयान जारी करते हुए केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उमंग सिंघार ने कहा कि देश में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठने वाली आम आदमी की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की तानाशाह सरकार खुलेआम ‘वोट चोरी’ का खेल खेल रही है और चुनाव आयोग निष्पक्ष काम करने के बजाय बीजेपी के एजेंट की तरह व्यवहार कर रहा है।

ये भी पढ़ें: चयनित शिक्षकों के बीच पहुंचे जीतू पटवारी, 28 दिन बाद नारियल पानी पिलाकर तुड़वाया अनशन, बोले- ‘कांग्रेस उठाएंगी आवाज’

13 करोड़ वोटों के गायब होने पर मांगा जवाब

संवाददाताओं से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को देश की जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर 13 करोड़ वोट कहां चले गए। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार जानबूझकर मतदाता सूचियों को छिपाने का काम करती है। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग पूरी वोटर लिस्ट को अपनी आधिकारिक पोर्टल पर सार्वजनिक रूप से जारी करे, ताकि देश का हर आम नागरिक आसानी से अपना और अपने क्षेत्र के मतदाताओं का नाम देख सके। उन्होंने आरोप लगाया कि पारदर्शी प्रक्रिया न अपनाकर 2028 के आगामी चुनावों में भी वोट चोरी करने की पटकथा रची जा रही है।

ये भी पढ़ें: 98 हजार परिवारों के चूल्हे पर संकट: PNG के रिकॉर्ड की गड़बड़ी से 15 हजार LPG कनेक्शन ब्लॉक, आम जनता बेहाल

पिछड़ों के अधिकार छीने जा रहे: उमंग सिंघार  

उमंग सिंघार ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश की आधे से ज्यादा आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन उनकी जायज आवाजों और सवालों को नजरअंदाज किया जा रहा है। देश में पिछड़ों और वंचितों को उनका वाजिब आरक्षण नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी संविधान और लोकतंत्र को बचाने की जो लड़ाई लड़ रहे हैं, उसमें देश की आम जनता पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m