शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले 50 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन में बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे। जीतू पटवारी ने पिछले 28 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे शिक्षक अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत को नारियल पानी पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। चयनित शिक्षक अभ्यर्थी वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती प्रक्रिया में पदवृद्धि की मांग को लेकर लगातार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
ये भी पढ़ें: SIR में कट गया था नाम? वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए दो दिनों का शिविर… जानिए कैसे होगा आवेदन!
जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना
धरना स्थल पर अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर इन योग्य और चयनित शिक्षकों की जायज मांगों को तुरंत मानना चाहिए। पटवारी ने सवाल उठाया कि जब मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लाखों पद खाली पड़े हैं, तो फिर योग्य युवाओं की भर्ती क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस पार्टी चयनित शिक्षकों के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी और सरकार को घेरने का काम करेगी।
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में पटवारियों का 3 दिन सामूहिक अवकाश: स्वामित्व योजना और निलंबन का विरोध, मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
मान रखा लेकिन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
जीतू पटवारी द्वारा अनशन तुड़वाए जाने के बाद अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष खुद उनके बीच पहुंचे थे, इसलिए उनके सम्मान में अनशन समाप्त किया गया है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि आंदोलन खत्म हो गया है। अभ्यर्थियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक सरकार वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदवृद्धि की मांग को स्वीकार नहीं कर लेती, तब तक उनका धरना प्रदर्शन इसी तरह अनवरत जारी रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

