प्रतापगढ़ पुलिस ने टोल प्लाजा विवाद के मामले में उमर अहमद के काफिले से जुड़ी दो स्कॉर्पियो-एन प्रयागराज से बरामद कर जब्त की हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए काफिले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है.

प्रतापगढ़. माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले से जुड़ी दो लग्जरी स्कॉर्पियो-एन को प्रतापगढ़ पुलिस ने बरामद कर जब्त किया है. सीओ सिटी आशुतोष पांडेय के अनुसार, हथिगवां पुलिस ने गुरुवार को अख्तयारी कोटिला टोल प्लाजा पर टोल बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों को वाहन से कुचलने के प्रयास के आरोप में यह कार्रवाई की. दोनों वाहन प्रयागराज से बरामद किए गए हैं.

टोल प्लाजा पर विवाद

टोल कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि काफिले में शामिल कुछ वाहनों ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया. घटना के बाद टोल प्लाजा मैनेजर मो. इसहाक की तहरीर पर हथिगवां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया.

मुकदमे में हत्या के प्रयास, गाली-गलौज, धमकी और लापरवाही से वाहन चलाने समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. मामले में वाहन संख्या UP70GQ4834 और UP70GV2915 के साथ अन्य अज्ञात वाहनों को भी शामिल किया गया है.

प्रयागराज से बरामदगी

पुलिस टीम ने पहली स्कॉर्पियो-एन को बरौंधा अंडरपास के आगे परेवा नारायणपुर मोड़ के पास लखनऊ-प्रयागराज हाईवे की सर्विस लेन से बरामद किया. दूसरी स्कॉर्पियो-एन प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र के रूदापुर मलाक हरहर से मिली.

पुलिस ने दोनों वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर का ई-चालान ऐप के जरिए सत्यापन कराया. पंजीकरण संबंधी विवरण सही पाए जाने के बाद दोनों वाहनों को जब्त कर हथिगवां थाने लाया गया, जहां उन्हें खड़ा किया गया है.

यह भी पढ़ें: खड़गे के मंच शुद्धिकरण विवाद पर मायावती का बड़ा हमला, बोलीं- जातिवादी मानसिकता वालों पर हो सख्त कार्रवाई

काफिले की जांच जारी

आबान के जनाजे में शामिल होने के लिए उमर अतीक को पुलिस कस्टडी में लखनऊ से प्रयागराज लाया गया था. इस दौरान सरकारी पुलिस वाहनों के पीछे समर्थकों की कई गाड़ियां काफिले के रूप में चल रही थीं. इसी काफिले के अख्तयारी कोटिला टोल प्लाजा से गुजरने के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है.

हथिगवां पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए काफिले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है. पुलिस टोल प्लाजा और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है.

यह भी पढ़ें: गांव-गांव पहुंचेगा हाई-टेक इलाज! CSJMU में डिप्टी सीएम ने मोबाइल मेडिकल वैन को दिखाई हरी झंडी

बरामद दोनों वाहनों के जरिए पुलिस काफिले में शामिल अन्य लोगों और घटना में कथित रूप से शामिल आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के समय दोनों वाहनों में कौन-कौन लोग सवार थे और टोल प्लाजा पर हुई कथित घटना में उनकी क्या भूमिका थी.