Bihar News: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने आज मंगलवार (7 जुलाई) को मुख्यमंत्री आवास पर सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई महत्वपूण विषयों पर चर्चा हुई है। मांझी ने इसे एक शिष्टाचार भेंट बताया। मांझी की सीएम सम्राट चौधरी से यह मुलाकात उस समय हुई है, जब केंद्रीय मंत्री ने कल सोमवार हम की राज्य परिषद की बैठक के दौरान अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कई सारे बड़े बयान दिए, जो सुर्खियों में बने हुए हैं।
चिराग पर साधा जमकर निशाना
दरअसल कल पार्टी (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) की राज्य परिषद की बैठक बुलाई गई थी। बैठक को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने बिना नाम लिए चिराग पासवान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने खुले मंच से कहा कि, राजनीतिक लाभ लेने के लिए एक आदमी कहता है- मेरे रहते आरक्षण और संविधान को कोई नहीं हटा सकता। तुम हो कौन? इसे नाखून कटाकर शहीद होना कहते हैं।
बेटे को दी खुलकर राजनीति करने की नसीहत
इस दौरान जीतन राम मांझी ने अपने बेटे संतोष सुमन पर खुलकर राजनीति नहीं करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने संतोष सुमन की ओर इशारा करते हुए कहा कि, संतोष तुम भी बोलो। मुंह बंद रखने से कुछ नहीं होता है। ऐसा-वैसा बोलकर सीट ले लिया, आज बड़का नेता हो गया। तुमको क्या मिला-झुनझुना पकड़ा दिया- 6 सीट। मांझी ने कहा कि, महिलाएं चूड़ी पहनती हैं, तो उसे झुनझुनाती है। तु़म्हारे पास भी वोट है, झुनझनाओं तभी सीट मिलेगा। जो दिखता है, वही बिकता है।
पीएम मोदी और सीएम सम्राट की तारीफ
दरअसल चिराग पासवान ने यूपी में दिए गए अपने एक बयान में कहा था कि जब तक मैं हूं तब तक कोई आरक्षण और संविधान को छू नहीं सकता है। इसपर जीतन राम मांझी ने तंज कसते हुए कहा कि, तुम होते कौन हो? मैं तो कहता हूं कि जब तक इस देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं, आरक्षण और संविधान को कोई नहीं हटा सकता।
‘किसी के आंख का कांटा बने हुए हैं सम्राट’
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ भी की। मांझी ने कहा कि, बिहार में आज बड़ी तीक्ष्ण राजनीति चल रही है। सम्राट चौधरी किसी के आंख का कांटा बने हुए हैं, जो पुलिस कार्रवाई हो रही, वह कुछ लोगों को नहीं पच रहा है। मांझी का इशारा भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर से था। गौरतलब है कि एक तरफ एनडीए के सभी नेता भरत तिवारी एनकाउंटर को हत्या और पुलिस की गलती बता रहे हैं। लेकिन जीतन राम मांझी शुरू से ही इस बात पर अडिग हैं कि पुलिस ने अपना काम सही तरीके से किया है।
ये भी पढ़ें- निशांत कुमार ने LNJP अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, इलाज कराने आए मरीजों से लिया फीडबैक

