केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है. उन्होंने भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली. माता के निधन से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके निधन पर सीएम योगी ने भी शोक व्यक्त किया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने लिखा कि ‘केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता जी का निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.’
इसे भी पढ़ें : UP Weather Alert: मानसून के बाद भी मौसम का तांडव, आज यूपी के 23 जिलों में मूसलाधार बारिश और आंधी का अलर्ट
सीहोर के पैतृक गांव जैत में होगा अंतिम संस्कार
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशी बाई का पार्थिव शरीर भोपाल से उनके पैतृक निवास ले जाया जा रहा है. उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे उनके गृह ग्राम जैत (जिला सीहोर) में पूरे पारिवारिक और पारंपरिक सम्मान के साथ किया जाएगा. इस दुखद समाचार के मिलते ही राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों द्वारा शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला शुरू हो गया है. काशी बाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए निवास 9 बी, साकेत नगर भोपाल में प्रातः 11 से 12 बजे तक रहेगा. जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए ग्राम जैत के लिए प्रस्थान करेंगे.

