प्रशांत सिंह, जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 में नाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर वार्डवासियों ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। समस्या के निराकरण की मांग को लेकर लोगों ने गली में भरे नाली के गंदे पानी के बीच बैठकर नाश्ता किया। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने इसी गंदे पानी में साबुन लगाकर स्नान भी किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी के लिखित आश्वासन के बाद वार्डवासियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से नाली और सड़क की समस्या बनी हुई है। इसके कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाली का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी गली में जमा हो जाता है और बारिश के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है।

गली में भरा गंदा पानी, घरों में घुसने से बढ़ी परेशानी
वार्डवासियों के मुताबिक, नाली निर्माण नहीं होने के कारण गंदा पानी गली में जमा हो रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है और नाली का पानी घरों में घुसने लगता है। गंदे पानी के कारण कीड़े-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं वार्डवासियों ने घरों में जहरीले सांप घुसने की समस्या की भी बात कही है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।

टेंडर निरस्त होने से नाराज वार्डवासी
मामले में वार्ड पार्षद का कहना है कि नाली और सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन उसे बेवजह निरस्त कर दिया गया। ऐसे में अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने की मांग की जा रही थी, लेकिन प्रशासन के उदासीन रवैये से नाराज लोगों ने अकलतरा-पामगढ़ मुख्य मार्ग को बाधित कर चक्काजाम कर दिया और प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद SDM के लिखित आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।
देखिये वीडियो-
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



