सिरसा। खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों के टावरों का उचित मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में हरियाणा के सिरसा जिले के वैदवाला गांव में किसानों ने बुधवार को अनोखा प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध के तहत किसान नेता और ग्रामीण हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गए, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

प्रदर्शन की शुरुआत किसान नेता भूपेंद्र सिंह ने टावर पर चढ़कर की। उनके बाद एक दिव्यांग युवक भी टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते कई अन्य किसान नेता भी टावर पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

‘सोनीपत में ज्यादा, सिरसा में कम मुआवजा’

किसानों का आरोप है कि हाईटेंशन बिजली लाइनों और टावरों के लिए उन्हें निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा नहीं दिया जा रहा। उनका कहना है कि प्रदेश के अन्य जिलों, खासकर सोनीपत, में किसानों को अधिक मुआवजा दिया गया, जबकि सिरसा के किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस, बढ़ाई सुरक्षा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। वहीं, बिजली निगम की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शन कर रहे किसानों ने उन्हें टावर पर चढ़ने से रोक दिया।

मुआवजे को लेकर बढ़ा विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, वैदवाला गांव के खेतों से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के लिए कई टावर लगाए गए हैं। सरकार ने मुआवजा प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन किसानों का कहना है कि दी जा रही राशि पर्याप्त नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है।

फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।