उन्नाव. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे (Agra-Lucknow Expressway) पर दर्दनाक हादसा हो गया. बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के आगरा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. बस हरियाणा से बिहार जा रही थी. इस दौरान ये हादसा हो गया. इस हादसे के दौरान बस ने आगरा जा रही कार को भी टक्कर मारी. दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है. जिसमें दो बच्चियां, दो महिलाएं और कार चालक शामिल है.
इसके अलावा बस और कार में सवार कई लोग घायल भी हुए हैं. जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसपी ने मौके का निरीक्षण किया. बस चालक को नींद आने से हादसे होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें : PCS से IAS बने अफसरों को मिली नई तैनाती, 29 अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी, देखिए लिस्ट
जानकारी के मुताबिक ये दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे की है. बताया जा रहा है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई. बस डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसके सामने से आ रही एक कार से भीषण टक्कर हो गई. कार में कुल 9 लोग सवार थे, जो कुशीनगर से मथुरा जा रहे थे. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 4 लोगों के घायल होने की खबर है.
सभी घायलों को उन्नाव जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि बस में भी करीब 70 यात्री सवार थे. हादसे में बस के 4 यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है. हादसे में कार में सवार दिव्या (6), अंजू (40), अमृता (13), धुनमुन (60) और कार ड्राइवर विनोद (45) की मौके पर ही मौत हुई है.

