लखनऊ. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं (UPMSP High School Intermediate Board Exam 2027) 5 फरवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी. शासन ने दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 20 दिनों में पूरी कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इस बीच अब प्रदेश में विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2027) को लेकर चर्चाएं तेज हो गई है. अटकलें लगाई जा रही है कि परीक्षा की तारीकों की घोषणा के बाद अब 25 फरवरी के बाद कभी भी चुनाव हो सकते हैं.

वर्तमान सरकार का गठन 25 मार्च 2022 को हुआ था. इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी, जबकि विधानसभा का प्रथम सत्र 23 मई 2022 को आयोजित हुआ था यानी 18वीं विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है. ऐसे में 22 मई 2027 से पहले नई सरकार का गठन होना तय है. हालांकि अब तक चुनाव की तारीखों को लेकर कोई अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. लेकिन परीक्षा की तारीख सामने आने के बाद से चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है.

इसे भी पढ़ें : UP Board Exam Date: यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का टाइमटेबल जारी! 5 फरवरी से इम्तिहान, चेक करें पूरा शेड्यूल

दरअसल, ऐसी अटकलें इसलिए लगाई जा रही हैं क्योंकि बीते विधानसभा चुनावों का समय भी परीक्षा के इर्द-गिर्द रहा है. पिछले चुनावों के समय बोर्ड परीक्षाएं मार्च के आखिरी हिस्से और अप्रैल में हुईं, जबकि विधानसभा चुनाव फरवरी और मार्च में हुए. ऐसे में कयास लगाएं जा रहे हैं कि इस बार चुनाव बोर्ड परीक्षा के बाद हो सकते हैं. 25 फरवरी से 15 मार्च के बीच चुनाव हो सकते हैं.

परीक्षा के आसपास कब-कब हुए चुनाव?

2012, 2017 और 2022 के चुनावों के समय पर नजर डालें तो 2012 में विधानसभा चुनाव फरवरी से मार्च के बीच हुए, जबकि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हुईं. मतलब चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुईं.

2017 में विधानसभा चुनाव 11 फरवरी से 8 मार्च तक चले और बोर्ड परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हुईं.

2022 में विधानसभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च तक हुए, जबकि बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हुईं. इस तरह तीनों वर्षों में विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुईं लेकिन इस बार इसके उलट कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि इस समीकरण पर ध्यान दें तो चुनाव का ऐलान पहले भी हो सकता है. बहरहाल चुनाव कब होने हैं इसका अंतिम निर्णय तो भारत निर्वाचन आयोग ही देगा.