लखनऊ. भाजपा ने उत्तर प्रदेश में अपनी नई टीम की घोषणा कर दी है. आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय और राज्य नेतृत्व ने 46 पदाधिकारियों के नामों की सूची जारी कर दी है. जारी लिस्ट में 19 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री, 19 संगठन मंत्रियों के नाम शामिल हैं. इसके अलावा 6 क्षेत्रिय अध्यक्ष, कार्यालय मंत्री, कार्यालय सह मंत्री, मुख्य प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया संयोजक और प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक शामिल हैं.

जारी लिस्ट के मुताबिक संगठन को चुनावी रूप से मजबूत बनाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दूसरे बेटे नीरज सिंह को नया प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिन्हें उनके बड़े बेटे और विधायक पंकज सिंह की जगह दी गई है. बाराबंकी की प्रियंका रावत को प्रमोट करके महामंत्री से उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है. बीजेपी ने विपक्षी खेमे में सेंधमारी करते हुए समाजवादी पार्टी से विधायक बनीं पूजा पाल को अपनी टीम में शामिल कर उन्हें उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश उपाध्यक्ष बना दिया है.

इसे भी पढ़ें : मुलायम सिंह की विरासत को डुबोने में लगे अखिलेश, इनकी और कांग्रेस की लोकतंत्र में कोई निष्ठा नहीं- योगी

बता दें कि संगठन के साथ ही प्रदेश में विभिन्न पदों पर नियुक्ति को लेकर भी चर्चा जोरशोर से चल रही थी. मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब पार्टी संगठन विस्तार पर जोर दिया जा रहा था. फिलहाल निगम, आयोग में भी समायोजन पर चर्चा है. जिसमें करीब 25 BJP कार्यकर्ताओं के नाम पर चर्चा हुई है. जातीय समीकरण की बात करें तो नई टीम के लिए पश्चिम में गुर्जर और वैश्य पर ज्यादा फोकस किए जाने की बात हो रही थी. अवध क्षेत्र में ब्राह्मण चेहरे पर बैठक में चर्चा हुई थी. ब्रज में शाक्य, लोध को मिल अवसर देने पर चर्चा की गई थी.

गौरतलब है कि आगामी बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए उत्तर प्रदेश से दावेदारों और नेताओं के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम में पूर्वांचल से हरीश द्विवेदी और पश्चिम से मोहित बेनीवाल सहित करीब 9 नेताओं को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की अटकलें लगाई जा रही है.