लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संविधान हत्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. संबोधन के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अखिलेश कांग्रेस के साथ गठबंधन में हैं. मुलायम सिंह जी इसका विरोध करते थे. अखिलेश कांग्रेस के डूबते हुए जहाज पर सवार हैं. मुलायम जी की विरासत को डुबाने पर उतारू हैं. इन्होंने भी अपने कार्यकाल में लोकतंत्र को कुचला. आज भी ये मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं. सपा सरकार में भी लोकतंत्र को कुचला गया था. परिवारवाद की राजनीति के लिए सपा-कांग्रेस साथ हैं.
योगी ने कहा कि याद करिए जब भी सपा कांग्रेस के साथ गठबंधन करने का प्रयास करती थी, मुलायम सिंह जी उसका विरोध करते थे. कहते थे कि सब हो जाए लेकिन कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होना चाहिए. लेकिन उत्तराधिकारी क्या कर रहे हैं? उनका आचरण देखिए. वे मुलायम सिंह की विरासत को डूबोने के लिए भी उतारू हैं. क्योंकि कांग्रेस ने लोकतंत्र तो कुचला था और इनका भी लोकतंत्र पे कोई निष्ठा नहीं है.
इसे भी पढ़ें : PMO को भी जानकारी नहीं देना चाहते चंपत राय! दिल्ली से आए पत्र पर वित्तीय ब्योरा देने से ट्रस्ट का किया इनकार
योगी ने आगे कहा कि सपा ने भी सभी संस्थाओं पर हमला किया था. क्या न्यायपालिका हो, क्या प्रेस हो, किसी का सम्मान नहीं करते थे. इसलिए अपने समान उद्देश्य के लिए ये लोग आज भी एक दूसरे के साथ जुड़कर एक दूसरे के साथ मिलकर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने, परिवारवाद की राजनीति को प्रेरित और पोषित करने के लिए भारत की संवैधानिक मान्यताओं के विपरित आचरण करना अपना जन्मसिद्ध आधिकार समझते हैं.

