लखनऊ. उत्तर प्रदेश में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है. शुक्रवार (30 अक्टूबर) सुबह से लखनऊ, नोएडा, आगरा, मथुरा और जौनपुर समेत करीब 20 शहरों में रुक-रुककर बारिश हुई. कई इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं. इससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई. मौसम विभाग ने आज शनिवार (31 अक्टूबर) को प्रदेश के 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं.

इसे भी पढ़ें- आपस में जुड़ेंगे 4 एक्सप्रेसवे: UP बनेगा देश का पहला मेगा कॉरिडोर; जानें किन शहरों को मिलेगा बड़ा फायदा

20 शहरों में बारिश, कई जगह चलीं तेज हवाएं

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए रहे. लखनऊ में लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर बारिश हुई. गोरखपुर, आजमगढ़ और जौनपुर में भी बारिश दर्ज की गई. अलीगढ़ समेत करीब 25 शहरों में आसमान में बादल छाए रहे. ठंडी हवाओं के कारण लोगों को मौसम में बदलाव महसूस हुआ.

जौनपुर में धान की फसल को नुकसान

जौनपुर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई. वाराणसी में पिछले दो दिनों में तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. बारिश और ठंडी हवाओं से किसानों की चिंता बढ़ गई है. कई इलाकों में फसल को नुकसान की आशंका है.

अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां प्रभावित

अयोध्या में बारिश के कारण दीपोत्सव की तैयारियों पर असर पड़ा. राम की पैड़ी के पास दीपोत्सव स्थल पर काम कर रहे कर्मचारियों को बारिश के चलते काम रोकना पड़ा. कर्मचारी मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, ललितपुर में शाम करीब 6 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई. इससे ठंड बढ़ गई.

इसे भी पढ़ें- UP PCS Transfer: संजय कुमार बने लखनऊ के नए अपर नगर आयुक्त, 11 PCS अफसरों का तबादला

नोएडा में बारिश के बाद पलटा ई-रिक्शा

नोएडा के जेवर में बारिश के बाद सड़क पर भरे पानी के कारण हादसा हो गया. दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर कनारसी गांव के पास गड्ढे में फंसकर ई-रिक्शा पलट गया. उसमें करीब सात लोग सवार थे. हादसे में कई लोग घायल हुए. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर गहरे गड्ढे हैं. बारिश के बाद उनमें पानी भरने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता.