गोंडा. उत्तर प्रदेश में बाढ़ से जूझ रहे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अब हाईटेक रेस्क्यू व्हीकल का इस्तेमाल किया जाएगा. यूपी में पहली बार SHERP रेस्क्यू व्हीकल को बाढ़ प्रभावित इलाकों में उतारा जाएगा. यह खास वाहन पानी, कीचड़ और दलदल जैसे मुश्किल हालात में भी आसानी से चल सकता है.
इसे भी पढ़ें- नोएडा के PG में खौफनाक वारदात! इंजीनियर ने युवती की हत्या कर कमरे में छिपाई लाश, 2 दिन बाद खुला राज
गोंडा जिला प्रशासन को मिली इस अत्याधुनिक गाड़ी को ‘हनुमान रथ’ नाम दिया गया है. करीब 3 करोड़ रुपये कीमत वाली इस गाड़ी को भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया है. इसका उद्देश्य बाढ़ के दौरान उन इलाकों तक पहुंचना है, जहां सामान्य नाव, ट्रैक्टर या अन्य वाहन नहीं पहुंच पाते.
पानी पर भी चलेगी, 360 डिग्री घूमकर बचाएगी जिंदगी
SHERP एक ऑल-टेरेन रेस्क्यू व्हीकल है, जिसे बेहद कठिन परिस्थितियों में काम करने के लिए डिजाइन किया गया है. यह जमीन पर करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकती है, जबकि पानी में करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह जमीन से सीधे पानी और फिर पानी से दलदल में जा सकती है. रास्ते में परिस्थितियां बदलने पर भी इसे रोकने की जरूरत नहीं पड़ती. यह वाहन एक बार में करीब 8 से 9 लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचा सकता है और लगातार लगभग 40 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन में काम कर सकता है.
न नाव की जरूरत, न ट्रैक्टर का सहारा
बाढ़ के दौरान कई बार तेज बहाव, जलकुंभी और उथले पानी की वजह से नावें भी फंस जाती हैं. वहीं कीचड़ और दलदल में ट्रैक्टर और भारी वाहन काम नहीं कर पाते. SHERP की डिजाइन ऐसी है कि यह इन सभी मुश्किल परिस्थितियों में भी आगे बढ़ सकता है. इसके बड़े टायर और खास ड्राइव सिस्टम इसे दलदल और गीली जमीन पर बेहतर पकड़ देते हैं.
दो लीवर से चलता है ये हाईटेक वाहन
SHERP का कंट्रोल सिस्टम सामान्य गाड़ियों से अलग है. इसमें गोल स्टीयरिंग नहीं होता, बल्कि इसे दो लीवर की मदद से टैंक की तरह चलाया जाता है. ड्राइवर दोनों तरफ के पहियों की गति को नियंत्रित कर सकता है, जिससे यह वाहन मौके पर ही 360 डिग्री तक घूम सकता है. इसमें ऑयल-डिप्ड चेन ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जो वाहन को कठिन इलाकों में भी बेहतर मजबूती और ग्रिप प्रदान करता है.
कैमरा, लाइफ जैकेट और इमरजेंसी सिस्टम से लैस
आपदा के समय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए SHERP में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं. 360 डिग्री कैमरा सिस्टम, जिससे चारों तरफ की स्थिति पर नजर रखी जा सकती है. इन-बिल्ट एयर कंप्रेसर, जिससे टायरों की हवा जरूरत के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है. इमरजेंसी स्थिति में सनरूफ से बाहर निकलने की सुविधा. यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट और सेफ्टी बेल्ट भी है.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की खुली पोल, 15 जगहों पर सड़क खराब; NHAI ने शुरू कराया रिपेयरिंग काम
क्यों रखा गया ‘हनुमान रथ’ नाम?
गोंडा प्रशासन ने इस रेस्क्यू वाहन का नाम ‘हनुमान रथ’ रखा है. इसके पीछे सोच यह है कि जैसे भगवान हनुमान संकट के समय सहायता के लिए आगे आए थे, उसी तरह यह वाहन बाढ़ में फंसे लोगों तक मदद पहुंचाएगा.


