नोएडा. नोएडा के सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है. यहां एक 19 वर्षीय युवती की हत्या कर उसकी लाश को PG के कमरे में छिपा दिया गया. आरोपी ने कमरे के बाहर ताला लगाया और फरार हो गया. दो दिन बाद कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ.

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान असम निवासी महक अहमद के रूप में हुई है. महक अपनी सहेली संजना के साथ PG में रहकर कॉल सेंटर में नौकरी करती थी. वहीं आरोपी रमन बिहार का रहने वाला है और उसी PG में किराए पर रहता था. आरोपी ने B.Tech की पढ़ाई की है और पहले IT कंपनी में काम कर चुका है.

इसे भी पढ़ें- मेरठ में आवारा कुत्तों का आतंक! खेत में किसान को नोच-नोचकर मार डाला

कमरे में बंद मिली युवती की लाश, शरीर पर थे चोट के निशान

पुलिस ने बताया कि मकान मालिक की सूचना पर जब कमरे का ताला तोड़कर जांच की गई तो अंदर महक का शव मिला. शव खून से लथपथ था और शरीर पर धारदार हथियार से हमले के कई निशान मिले. फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हत्या किस हथियार से और किस वजह से की गई, इसकी जांच की जा रही है.

8 अगस्त को हुआ था विवाद, फिर गायब हुई महक

जानकारी के मुताबिक 8 अगस्त को महक की सहेली संजना किसी काम से बाहर गई हुई थी. इसी दौरान रात में महक और रमन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. 10 अगस्त को जब संजना वापस लौटी तो महक कमरे में नहीं मिली. उसने महक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल बंद था. तलाश के दौरान भी उसका कोई पता नहीं चला. इसी बीच रमन के कमरे से बदबू आने लगी. कमरे पर बाहर से ताला लगा था और रमन भी गायब था. शक होने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी.

असम से नोएडा आई थी महक, परिवार को बाद में दी थी जानकारी

महक असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी. उसके पिता फिरोज अहमद परचून की दुकान चलाते हैं. पुलिस के मुताबिक महक करीब 21 दिन पहले बिना बताए नोएडा आ गई थी और यहां अपनी सहेली के साथ रहने लगी थी. बाद में उसने परिवार को नोएडा आने की जानकारी दी थी. महक और उसकी सहेली PG में रहकर कॉल सेंटर में काम करती थीं.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-बाढ़ का डबल अटैक, 28 जिलों में अलर्ट; 10 नदियां उफान पर, 16 जिलों में बाढ़ का खतरा

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी, हत्या की वजह अभी रहस्य

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. पुलिस आरोपी रमन की तलाश कर रही है. महक और रमन के बीच हुए विवाद को भी जांच का आधार बनाया जा रहा है. पुलिस महक के मोबाइल की कॉल डिटेल, चैट और अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या की वजह साफ हो सकेगी. जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.