लखनऊ. 68500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 में आरक्षण संबंधी विसंगतियों के मामले में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश के अनुपालन की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. आवास पर प्रदर्शन की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठा कर इको गार्डन भेज दिया.

इसे भी पढ़ें- संबंध खत्म, सियासत शुरू! अखिलेश यादव के साथ अपने जीजा ब्रजेश पाठक को चुनौती देंगे राजीव त्रिपाठी, 27 को लेकर कही बड़ी बात

मंत्री आवास पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आरोप है कि आयोग द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उन अभ्यर्थियों को, जिन्होंने 150 पूर्णांक में 60 अंक (40 प्रतिशत) या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उत्तीर्ण मानते हुए नियमानुसार नियुक्ति दिए जाने की स्पष्ट संस्तुति जारी की गई है. इस फैसले से ओबीसी के साथ दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित अभ्यर्थियों को भी लाभ मिलना था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद शासन और संबंधित विभाग ने अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है.

इसे भी पढ़ें- परिवार मुर्दा या UP का ‘सिस्टम’! खुद को जिंदा दिखाने दर-दर की ठोकरें खा रहे 4 लोग, यही है योगी सरकार का सुशासन?

न्याय की कर रहे हैं मांग

धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने कहा कि अभ्यर्थी किसी अहसान की नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक अधिकार और न्याय की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष के बाद आयोग के आदेश से उम्मीद जगी है, इसलिए शासन को इसे लंबित रखने के बजाय तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए.