लखनऊ. उत्तर प्रदेश की 11 शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं. इस चुनाव में भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) को 5 सीटें मिली हैं. सपा ने पिछले चुनाव के मुकाबले 2 सीटों का फायदा हासिल किया है. भाजपा को एक सीट का नुकसान हुआ है. खास तौर पर काशी में भाजपा को शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें- डेढ़ एक्सप्रेस-वे से 10 तक, सड़क से आसमान तक UP में बदली कनेक्टिविटी, योगी ने गिनाईं उपलब्धियां
भाजपा को 6, सपा के खाते में 5 सीटें
प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों में भाजपा ने 4 शिक्षक और 2 स्नातक सीटों पर जीत हासिल की. वहीं, सपा ने 2 शिक्षक और 3 स्नातक सीटें जीतीं. पिछले चुनाव में भाजपा के पास 6 सीटें थीं. सपा के पास 3 सीटें थीं. इसके अलावा एक सीट शिक्षक दल और एक निर्दलीय के पास थी. इस बार सपा ने अपनी स्थिति मजबूत की है.
काशी में भाजपा को दोनों सीटों पर हार
काशी में भाजपा को शिक्षक और स्नातक, दोनों सीटों पर हार मिली. स्नातक सीट की मतगणना 50 घंटे से अधिक समय तक चली. सपा के आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हराया. आशुतोष सिन्हा को 50,529 वोट मिले, जबकि केदारनाथ सिंह को 33,530 वोट हासिल हुए.
मतगणना केंद्र पर हंगामा, भाजपा प्रत्याशी का धरना
मतगणना केंद्र पर बुधवार देर शाम शुरू हुआ हंगामा रातभर चलता रहा. भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह धरने पर बैठ गए। उन्होंने काशी के ऑब्जर्वर प्रांजल यादव पर धांधली कराने का आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की. इसके बाद 500 से अधिक सपा कार्यकर्ता मतगणना केंद्र पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें- त्योहारों में ट्रेन की भीड़ से मिलेगी राहत, बांद्रा-गोरखपुर स्पेशल के बढ़े दो फेरे, नोट करें तारीख
अखिलेश लेते रहे जानकारी, 55 प्रतिशत मतदान
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रातभर फोन पर मतगणना के हर राउंड की जानकारी लेते रहे. गुरुवार सुबह केदारनाथ सिंह ने अपनी हार स्वीकार कर ली. प्रदेश की 5 स्नातक और 6 शिक्षक एमएलसी सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. चुनाव में 152 प्रत्याशी मैदान में थे. मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे शुरू हुई थी. दोनों चुनावों में करीब 14.81 लाख मतदाता थे. इनमें से 8.18 लाख यानी लगभग 55 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला.

