लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में जहां डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, वहीं अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं. योगी ने एयरपोर्ट और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को भी प्रदेश में बदलती विकास की तस्वीर का हिस्सा बताया.

मुख्यमंत्री ने एक्स पर लिखा कि ‘सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां नहीं घटाते, ये सुविधा, समय की बचत और समृद्धि की नई संभावनाएं लेकर आते हैं. लेकिन वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र से इस तस्वीर को बदला है.’

इसे भी पढ़ें : 60 हजार करोड़ के निवेश समझौतों से आगे बढ़े योगी, अब उत्पादन शुरू कराने पर जोर

योगी ने आगे लिखा ‘भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने से पहले देश की सबसे बड़ी आबादी वाले प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे. आज प्रदेश में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं. तब हवाई सेवाएं चुनिंदा शहरों तक सिमटी थीं, लेकिन आज 12 घरेलू और 05 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से प्रदेश की उड़ान नई ऊंचाइयों पर है. तब प्रदेश के एक भी शहर में मेट्रो नहीं चलती थी. वहीं, आज 07 शहरों में मेट्रो जनजीवन को नई गति दे रही है.’

सीएम ने लिखा ‘इस परिवर्तन से किसान की उपज को बड़ा बाजार और उद्यमिता को नए अवसर मिल रहे हैं. युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच सुगम हो रही है. कामकाजी लोगों का समय बच रहा है. पर्यटन का विस्तार भी हो रहा है, जिससे स्थानीय परिवारों की आजीविका को नई शक्ति मिल रही है. विकास की यह गति आज गांव से कस्बे और कस्बे से शहर तक नागरिकों के जीवन को बदल रही है. हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान है.’