मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. कोतवाली नगर क्षेत्र के मकबरा इलाके में आभूषण कारोबारी से हुई सनसनीखेज लूट की घटना का एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है.

बता दें कि घटना 29 अक्टूबर की शाम की है. अमृतसर निवासी आभूषण व्यवसायी सुखविंदर सिंह ई-रिक्शा से होटल जा रहे थे. मकबरा से करीब 100 मीटर पहले बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए. पीड़ित सुखविंदर सिंह विभिन्न जनपदों में दुकानों पर जाकर आभूषण बेचने का काम करते हैं. घटना वाले दिन वह अयोध्या में भी कई दुकानों पर जेवर दिखा रहे थे.

इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री जी ने घुमा फिरा के बता दिया कि…वोटर लिस्ट से 1.27 लाख वोटरों के नाम कटने का दावा, जानें सपा सुप्रीमो ने BJP को घेरते हुए क्या कहा?

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिस शिवगंगा दुकान पर पीड़ित आभूषण बेचने गए थे, वहीं से लूट की साजिश रची गई थी. दुकान मालिक के बेटे रौनक सिंह और दुकान के सेल्समैन अभिषेक सिंह ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी. दुकान से निकलने के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल से सुखविंदर सिंह का पीछा किया और सुनसान जगह देखकर उनका बैग छीनकर फरार हो गए.

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के मुताबिक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा करते हुए रौनक सिंह और अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.

इसे भी पढ़ें- ‘दोस्ती की, होटल बुलाया और तान दिया तमंचा…’ बरेली में ‘शिफा’ के हनीट्रैप का खौफनाक खेल, जानें मामला

पुलिस ने लूटे गए करीब 306 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत 30 से 35 लाख रुपये आंकी गई है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं. वहीं पीड़ित सुखविंदर सिंह ने अयोध्या पुलिस की कार्रवाई और सहयोग की सराहना की है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर उनका पूरा माल बरामद करा दिया.