अनूप मिश्रा, बहराइच. बहन से मारपीट की शिकायत मिलने पर उसकी ससुराल पहुंचे भाई पर बहनोई ने तलवार से हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावर ने युवक को सड़क पर दौड़ाकर तलवार से कई वार किए. हमले में युवक के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि पेट और पीठ पर भी चोटें आई हैं. घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मटेरा गांव निवासी मकसूद खां की बहन आमना का विवाह कुछ वर्ष पहले नवाबगंज क्षेत्र के केवलपुर गांव निवासी अफसर खान के साथ हुआ था. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अफसर अपनी पत्नी आमना के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने लगा था. आमना अक्सर अपने साथ होने वाली मारपीट की शिकायत भाई मकसूद से करती थीं.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव जी, करा लिए न घनघोर बेइज्जती? दिल्ली जाने को लेकर ओपी राजभर ने कसा तंज, राहुल गांधी और UP चुनाव पर दिया बड़ा बयान

बताया जा रहा है कि सोमवार को भी आमना ने फोन कर भाई को पति द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी और ससुराल पहुंचकर पति को समझाने का आग्रह किया. बहन की शिकायत पर मकसूद सोमवार देर शाम केवलपुर गांव स्थित उसकी ससुराल पहुंच गए.

आरोप है कि मकसूद के पहुंचते ही अफसर खान ने तलवार से उन पर हमला कर दिया. मकसूद ने बचने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन्हें सड़क पर दौड़ा लिया और तलवार से कई वार किए. हमले में उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके अलावा पेट और पीठ पर भी चोटें आईं.

इसे भी पढ़ें- ये कैसी भक्ति? गरबा में तेज आवाज में बजाए जा रहे फिल्मी गाने, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की सेहत पर असर, लोग बोले- हमारी परेशानी भी तो समझो

पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. मंगलवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया. घायल मकसूद को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.