अनूप मिश्रा, बहराइच. थाना क्षेत्र के श्रीनगर चौराहा स्थित सरयू नहर में शनिवार को स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कराया गया. देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था.

इसे भी पढ़ें- ‘अय्याशी’ के लिए सुहाग का सफायाः भाभी के साथ मिलकर छोटे ने बड़े भाई को सुलाई मौत की नींद, हैरान कर देगी हत्या की वारदात

जानकारी के अनुसार भवानीपुर बनकट चौबे पुरवा निवासी 20 वर्षीय कुलदीप गोस्वामी पुत्र राजकुमार गोस्वामी अपने ननिहाल गोसाईपुर पियरा में आयोजित पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आया था. परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, जिसके चलते वह कुछ दिन पहले ही ननिहाल पहुंचा था. बताया जाता है कि शनिवार को कुलदीप अपने साथियों के साथ श्रीनगर चौराहा स्थित सरयू नहर में स्नान करने गया था. नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और देखते ही देखते डूबने लगा. साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई.

इसे भी पढ़ें- यार के साथ मौत सफरः कंटेनर और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत, 2 दोस्तों की उखड़ी सांसें, मंजर देख दहल उठे लोग

सूचना मिलते ही विशेश्वरगंज पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से नहर में कई घंटों तक खोजबीन की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका. घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. तहसीलदार पयागपुर अंबिका चौधरी ने भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को खोज अभियान तेज करने के निर्देश दिए. पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है और सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन कराई जा रही है.