संजय तिवारी, बलिया. बलिया में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिकन्दरपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम ने 45 किलो गांजा के साथ 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 22 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी बरामद की है. दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें- खाकी का खौफ खत्म! दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में भड़के चंद्रशेखर, कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कही बड़ी बात

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तस्कर चार पहिया वाहन से गांजा लेकर बलिया से सिकन्दरपुर होते हुए देवरिया के रास्ते बिहार जाने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही सिकन्दरपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ गाजीपुर की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई. टीम ने नगरा मोड़ पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी. इसी दौरान सफेद रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी. पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान कार से 45 किलो गांजा बरामद हुआ.

इसे भी पढ़ें- ‘सत्ता का रास्ता जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं’… बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन का सपना देख रहीं शक्तियों को योगी का जवाब

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार यादव पुत्र जयशंकर यादव, निवासी चन्दरपुरा, थाना ब्रह्मपुर, जिला बक्सर (बिहार) और शुभम सिन्हा उर्फ अमित सिन्हा उर्फ छोटू पुत्र अखौरी विमल कुमार, निवासी वीर कुंवर सिंह कॉलोनी, थाना टाउन, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है. पुलिस ने बरामद गांजा और ब्रेजा कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया.