लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का सपना देखने वाली शक्तियों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं. योगी ने चुनाव सुधार, न्याय और लोकतंत्र के नारों की आड़ में देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं की शक्ति राष्ट्र निर्माण के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं.

योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘लोकतंत्र में सत्ता का मार्ग जनादेश से निकलता है, अराजकता से नहीं. बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन का स्वप्न देखने वाली शक्तियां युवाओं के हाथों में राष्ट्र निर्माण की मशाल के स्थान पर अराजकता के औजार थमाना चाहती हैं.’

इसे भी पढ़ें : ‘बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में भी सत्ता परिवर्तन…’ राजनाथ सिंह का राहुल गांधी पर हमला

सीएम ने आगे लिखा कि ‘चुनाव सुधार का मुखौटा, न्याय का नारा और लोकतंत्र की दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने वालों को समझना होगा कि भारत का लोकतंत्र जन-विश्वास की जड़ों पर खड़ा विशाल वटवृक्ष है, जिसे षड्यंत्रों के अंधड़ हिला नहीं सकते. हमारी युवाशक्ति भारत का भविष्य संवारने के लिए है, किसी की सत्ता की भूख मिटाने के लिए नहीं. जनता-जनार्दन ने राजनीति के इन मारीचों-कालनेमियों को पहचानकर ही सत्ता से दूर रखा है. अब ये देश को अराजकता की आग में झोंककर कुर्सी हथियाना चाहते हैं. उनकी इस सियासी साजिश को देश कभी सफल नहीं होने देगा.’