अशोक कुमार जायसवाल, डीडीयू नगर. अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित अवंतिका हॉस्पिटल में हर्निया के ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की. परिजनों की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की. जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं मिलने पर अस्पताल को अस्थायी रूप से सीज कर दिया गया.

इसे भी पढ़ें- विकसित भारत की जिम्मेदारी अब…विधान भवन के सामने CM योगी का बड़ा बयान, जानिए क्यों कहा कि UP के बिना देश की आजादी की लड़ाई की कहानी अधूरी है

बताया गया कि भभुआ निवासी महिला का अवंतिका हॉस्पिटल में हर्निया का ऑपरेशन हुआ था. ऑपरेशन के बाद उसकी मौत हो गई. अस्पताल प्रबंधन ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया, जबकि परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अलीनगर थाने में लिखित शिकायत दी थी. शिकायत के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की.

इसे भी पढ़ें- अतीक के बेटे की मौत के बाद पल्लवी पटेल पहुंचीं परिवार से मिलने, तस्वीर सामने आते ही मची सियासी हलचल

एसडीएम राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया. टीम में सकलडीहा प्रभारी संजय यादव, नियामताबाद प्रभारी डॉ. रविकांत सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल रहे. अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह भी मौके पर पहुंचे.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में 15 अगस्त के दिन दर्दनाक हादसा: ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 मजदूरों की मौत से मचा कोहराम

एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि जांच के दौरान अस्पताल का संचालन बेसमेंट में होता मिला. ऑपरेशन थिएटर की स्थिति भी खराब पाई गई. इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात रहने वाले डॉक्टरों की अनुपस्थिति सामने आई. अस्पताल में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने समेत कई अन्य अनियमितताएं भी जांच में सामने आईं. इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अस्पताल को फिलहाल अस्थायी रूप से सीज कर दिया है. एसडीएम ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. प्रशासन की कार्रवाई के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है.