अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां बाजार में गुरुवार सुबह एक दुकान के सामने करीब 62 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह दुकान के सामने शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.

इसे भी पढ़ें- दिल्ली-लखनऊ के बीच की लड़ाई के बीच… MLC चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज, जानिए क्यों कहा कि अभी तो हार की शुरुआत है

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृत महिला पिछले करीब एक माह से चहनियां बाजार और उसके आसपास के इलाकों में घूमती हुई दिखाई दे रही थी. हालांकि, महिला कहां की रहने वाली थी और उसके परिवार के सदस्य कौन हैं, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है. काफी दिनों से बाजार क्षेत्र में दिखाई देने के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो पाई थी. गुरुवार सुबह उसका शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं.

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है, ताकि उसके परिजनों का पता लगाया जा सके. इसके साथ ही महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें- मोदी जी तो चाय पीकर निकल गए! अब कर्ज और बेरोजगारी में डूबे परिवार की कौन लेगा सुध?

इस संबंध में उपनिरीक्षक अनंत भार्गव ने बताया कि महिला काफी दिनों से चहनियां बाजार के आसपास घूमती हुई दिखाई दे रही थी. गुरुवार सुबह उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल महिला की पहचान और मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.