कुलदीप सिंह, फतेहपुर. खागा तहसील के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए कनिष्ठ सहायक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस अचानक हुई कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया.

इसे भी पढ़ें- आसमानी आफत का 30 मिनट में समाधानः मूसलाधार बारिश के बीच नोएडा एयरपोर्ट में जलभराव, फिर मिनटों में एयरपोर्ट टीमों ने निकाला पानी

बता दें कि संग्रामपुर सानी निवासी भीम सिंह पुत्र स्व. वैजनाथ सिंह ने 8 अगस्त को एंटी करप्शन थाना प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता के अनुसार, 17 जून को कराए गए एक बैनामा के संबंध में झूठे तथ्य दिखाकर उन्हें मुकदमे की धमकी दी जा रही थी. इस कानूनी कार्रवाई से बचाने के एवज में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय के कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी.

शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की गहराई से जांच और सत्यापन कराया. आरोपों की पुष्टि होने पर ट्रैप टीम का गठन किया गया. मंगलवार को प्रयागराज से आई 13 सदस्यीय एंटी करप्शन टीम ने खागा स्थित सब-रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचकर बेहद गोपनीय तरीके से योजना को अंजाम दिया. लोकसेवक साक्षियों की मौजूदगी में जैसे ही शिकायतकर्ता भीम सिंह ने आरोपी कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एक लाख रुपये की रिश्वत दी, पहले से मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया.

इसे भी पढ़ें- गजब टोपीबाज आदमी है! 7.60 करोड़ का लोन लिया, चुकाने के लिए भेज दिए ‘नकली हीरे’

गिरफ्तार किए गए कनिष्ठ सहायक की पहचान राहुल कुमार बौद्ध पुत्र स्व. रामलखन बौद्ध, निवासी जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है. भ्रष्टाचार के खिलाफ इस सख्त कार्रवाई को अंजाम देने के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई के लिए प्रयागराज रवाना हो गई.