लखनऊ। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ानों के शुभारंभ के मौके पर जेवर के 172 किसान लखनऊ के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजारापु भी मौजूद रहे। सीएम योगी पहली उड़ान से आए किसानों का स्वागत करेंगे।

सीएम योगी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि अन्नदाता हमारे राष्ट्र की समृद्धि के आधार हैं। प्रदेश की विकास यात्रा में किसानों की सहभागिता और उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। अन्नदाताओं का अभिनंदन, समृद्ध भारत का वंदन’ इसी भावना के साथ प्रत्येक किसान बंधु की प्रगति हेतु हम प्रतिबद्ध हैं।

सीएम योगी करेंगे स्वागत

सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बताया कि आज गौतमबुद्ध नगर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर के निर्माण हेतु अपनी भूमि समर्पित करने वाले अन्नदाता बहनों-भाइयों का प्रथम उड़ान से लखनऊ आगमन पर स्वागत-अभिनंदन करने के साथ ही उनसे संवाद भी करूंगा।

READ MORE: बेटी के चाल-चलन से नाराज पिता बना हैवान, धारदार हथियार से कर दी हत्या, बचाने आई मां पर…

रोजगार, निवेश के नए अवसर खोलेगा

वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन किसानों ने विकास और प्रदेश के भविष्य के लिए अपनी जमीन दी, आज उन्हीं परिवारों के सदस्य उसी धरती से हवाई यात्रा कर रहे हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोजगार, निवेश, उद्योग और विकास के नए अवसर खोलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को इस उपलब्धि का आधार बताया।