ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों से नाराज लोगों ने गाजियाबाद में अनोखा विरोध जताया है. शहर के अलग-अलग इलाकों में लगे अखिलेश यादव के करीब 50 से ज्यादा होर्डिंग और बोर्डों पर लोगों ने काला चश्मा लगा दिया और उस पर लिख दिया, “सबको गाली, सबका अपमान, यही समाजवादी की पहचान.”

इसे भी पढ़ें- 27 में हिसाब होगा! भाजपा पर MLA राहुल लोधी का तीखा हमला, महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार का जिक्र कर कही बड़ी बात

साहिबाबाद, श्याम पार्क, मोहन नगर, वसुंधरा, इंदिरापुरम, लोनी रोड और सिहानी गेट इलाके में लगे समाजवादी पार्टी के बोर्डों पर अखिलेश यादव की फोटो लगाई गई है. सुबह जब लोग सड़कों से गुजरे तो बोर्डों को देखकर रुक गए और फोटो-वीडियो बनाने लगे, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि समाजवादी पार्टी के नेता हर वर्ग, हर समाज को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करते हैं. कभी किसी जाति को लेकर तो कभी किसी महापुरुष को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है. इसी से नाराज होकर युवाओं ने यह तरीका अपनाया है. एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि ये लोग वोट के लिए सबको गाली देते हैं, सबका अपमान करते हैं. अब जनता ने इन्हें चश्मा पहना दिया है, ताकि इन्हें अपनी असलियत दिखे.

इसे भी पढ़ें- आधी आबादी को मिलेगा पूरा अधिकार! सपा सरकार आने पर महिलाओं को 40 हजार देगी सपा, सम्मान और सुरक्षा को लेकर अखिलेश ने कही बड़ी बात

मामले की सूचना मिलने पर नगर निगम और पुलिस की टीम ने कई जगहों से विवादित बोर्डों को हटवा दिया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी के आधार पर चश्मा लगाने वालों की पहचान की जा रही है. वहीं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में इस घटना को लेकर आक्रोश है.