ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. 17 वर्षीय युवक सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है. परिजनों का आरोप है कि सूर्या को जान-पहचान वाले युवकों ने फोन कर बुलाया था. वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और फिर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
इसे भी पढ़ें- मैसेज, कॉल और फिर कंगालः विदेशी युवती की युवक को आई रिक्वेस्ट, हुआ कुछ ऐसा कि खाते से साफ हो गए 24 लाख
बता दें कि सूर्या चौहान खोड़ा क्षेत्र का रहने वाला था. बकरीद के दिन वह घर से निकला था. कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि उस पर हमला हुआ है. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो सूर्या गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें- पति, पत्नी और खूनी खेलः हसबेंड ने गला रेतकर बीवी को उतारा मौत के घाट, जानिए जीवनसाथी क्यों बना ‘जल्लाद’
मृतक के परिजनों का कहना है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित था. उनका आरोप है कि सूर्या को बहाने से बुलाया गया और पहले से मौजूद युवकों ने उस पर हमला कर दिया. परिवार ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए. परिजनों की शिकायत के आधार पर इस मामले में असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत कई युवकों के नाम सामने आए हैं. परिजनों ने आरोप लगाया है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर सूर्या पर हमला किया.
इसे भी पढ़ें- सालों बाद ‘मुर्दा’ हुआ जिंदाः 4 साल बाद सरकारी फाइलों में मिली नई जिंदगी, जानिए कैसे ‘निकम्मे’ सिस्टम ने जीते-जगाते इंसान को मारा
हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी. किसी भी आरोपी की अंतिम जिम्मेदारी अदालत में सुनवाई और जांच पूरी होने के बाद ही तय होगी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने मामले से जुड़े कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी बताए जा रहे असद की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाला है. जांच टीम तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.

