कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के जमालापुर चौकी अंतर्गत मनापुर बंजारी गांव में चोरों ने सोनभद्र के बभनी थाने में तैनात थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए. थानाध्यक्ष के घर हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.

इसे भी पढ़ें- चुनावी आहट पाते ही ‘भारतीय झगड़ा पार्टी’ सक्रिय, सांप्रदायिक तनाव और दंगा फसाद का ले रहे सहारा- संजय सिंह

बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था. चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे से घर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर साइड स्थित कमरे की कुंडी काटकर अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद चोरों ने घर के दो कमरों में रखे बेड और अन्य स्थानों को खंगाला.

चोर घर से सोने की चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, चेन समेत अन्य आभूषण तथा चांदी के जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर जमालापुर चौकी प्रभारी रामाश्रय कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल करने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी हुई है.

इसे भी पढ़ें- ‘मुर्दों की जमीन पर भी खा गए मलाई!’ CM के गढ़ में फूटा अजय राय का गुस्सा; बोले- राजघाट हादसा नहीं, हत्या है

थानाध्यक्ष के घर में ही चोरी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. अब पुलिस के सामने चुनौती घटना का जल्द खुलासा करते हुए चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की है.