लखनऊ. अखिलेश यादव ने सीएम योगी और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी और भाजपा वोट चोरी और घोटाले में शामिल है. इसीलिए वे वोट चोरी मामले में चुनाव आयोग का बचाव कर रहे है. उन्होंने कहा कि जो लोग अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी और चंदा चोरी कर सकते है, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है. चुनाव आयोग अपनी क्रेडिबिलिटी बचाएं. किसी के इशारे पर काम न करे. समाजवादी पार्टी ने वोट चोरी और चुनाव में बेईमानी को लेकर चुनाव आयोग से कई बार बहुत सारी शिकायतें की, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की.

इसे भी पढ़ें- काम नहीं ‘लूट’ की योजना! जी राम जी योजना की आड़ में कागजों में चल रहा खेला, तूफान और भारी बारिश के बीच भी लग रही हाजिरी

अखिलेश यादव ने कहा कि रामपुर चुनाव से लेकर उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों में बड़े पैमाने पर बेईमानी हुई. मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिया गया, वोट काटे गए. अधिकारियों की मनमर्जी से तैनाती की गई, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की. चुनावों में वोट चोरी और बेईमानी तो लम्बे समय से चल रही है. 2017 में हम लोग समझ नहीं पाए. 2022 के चुनाव में हमने देखा कि समाजवादी पार्टी समर्थकों के बड़ी संख्या में वोट काट दिए गए. समाजवादी पार्टी ने इसकी शिकायत की, लेकिन किसी अधिकारी, कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई. अब जब बेईमानी की खबरें फ्रंट पेज पर छपने लगी तब लोगों को समझ में आ रहा है कि वोट चोरी और चुनाव में घोटाला हो रहा है. नोएडा में अभी भी बड़े पैमाने पर वोट चोरी हो रही है. फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- सवाल चुनाव आयोग पर, सफाई दे रही BJP! चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर केशव मौर्य का पलटवार, अखिलेश यादव का जिक्र कर कह दी बड़ी बात

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव में वोट चोरी की जिस तरह से खबरें आ रही हैं उसे संज्ञान लेते हुए कोर्ट को पश्चिम बंगाल और बिहार में दोबारा चुनाव कराना चाहिए. जो लोग चुनाव में घोटाले और वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं और दोबारा चुनाव की मांग कर रहे हैं, वे चुनाव आयोग में रहे है. वे अपने अनुभव के आधार पर बात कह रहे हैं और मांग कर रहे हैं. समाजवादी पार्टी ने 2024 में भाजपा को हराया है. 2027 में भाजपा का सफाया कर देंगे. समाजवादी पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाएगी भाजपा के फर्जी 27 हजार वोट घटाएंगे. भाजपा का उत्तर प्रदेश में चुनाव हारना तय है. भाजपा पूंजीपतियों के लिए काम करती है. धन्नासेठों की पार्टी है. भाजपा किसान, नौजवान, गरीब विरोधी है. भाजपा ने मुनाफाखोरी बढ़ाकर महंगाई बढ़ाई है.

इसे भी पढ़ें- BJP सरकार में ‘विकास’ के बुरे दिनः इकाना स्टेडियम के पास 100 मीटर तक धंसी सड़क, राजधानी का हाल बेहाल तो प्रदेश का क्या होगा?

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड टूट गए है. भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट के कारण प्रदेश के शहरों में जल भराव है. मुख्य नगरी डूब रही है. जो मुख्यमंत्री अपना गांव, शहर और नगर नहीं बचा सकता है वह प्रदेश के लिए क्या विकास का काम कर सकता है. मुख्यमंत्री जी को सैफई के विकास से ही कुछ सीख लेना चाहिए था. जिस गोरखपुर में मुख्यमंत्री जी मेट्रो रेल चलाने की घोषणा कर रहे थे, वहां नाव चल रही है. यही उनका विकास है. भाजपा के लोगों ने जिन गांवों को गोद लिया था, उन्हें अनाथ छोड़ दिया. इसी तरह से प्रयागराज में एक लाख करोड़ का बजट खर्च हो गया लेकिन वहां भी जल भराव और बाढ़ की स्थिति बनी रहती है. वाराणसी में लाखों करोड़ का बजट खर्च हुआ लेकिन क्यूटो नहीं बना. बाढ़ रोकने के लिए बांध बनाते है लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसा कुछ नहीं किया है कि लखनऊ में पानी निकालने के लिए हर जगह पम्प का प्रयोग करना पड़ेगा.