लखनऊ. अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी के साथ जो लोग आना चाहते हैं, सबका स्वागत है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश और देश के सामने संकट पैदा किया है, भाजपा सत्ता से हटेगी तभी संकट दूर होगा.
भाजपा सरकार में हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है. सब लोग भाजपा को हटाने में सपा की मदद करें. आने वाले समय में पीडीए और जेन-जी भाजपा का सफाया कर देंगे. जनता को भाजपा पर भरोसा नहीं है.
उन्होंने ये भी कहा कि नई पीढ़ी के लोग भाजपा से बहुत नाराज हैं, समाजवादी पार्टी नई पीढ़ी के नौकरी, रोजगार के लिए अपने घोषणा पत्र में कई चीजें शामिल करेगी. समाजवादी सरकार ने लैपटाप बांटा, आईटी सिटी बनाया, डायल 100 और अन्य सेवाओं की शुरुआत की. आने वाले समय में भी इसी तरह के काम होंगे. भविष्य में टेक्नालॉजी को जोड़कर किसान, गरीब और नई पीढ़ी के लिए काम करेंगे.
इसे भी पढ़ें- ‘ढकोसन सिद्ध हो गए हैं गए हैं केशव मौर्य’, सांसद धर्मेंद्र यादव ने डिप्टी CM पर साधा निशाना, सीट बंटवारे और राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर BJP को घेरा
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि विकास का पैसा भाजपाइयों की जेब में जा रहा है. भ्रष्टाचार चरम पर है. नदियां नहीं साफ हुई, बजट का पैसा साफ हो गया. हालत यह है कि मुख्यमंत्री जी गोरखपुर की सड़क को ही ठीक नहीं बना पाए. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे में 45 किलोमीटर में 74 गड्ढे हो गए हैं. 91 किलोमीटर का एक्सप्रेस-वे सात हजार करोड़ में बनी है, इसमें बजट की लूट हो गई, जमकर गोरखधंधा हुआ. सपा सरकार में बना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे आज भी बिना मेंटेनेंस के उसी तरह से चल रहा है. कहीं कोई गड्ढा नहीं है. भाजपा सरकार ने प्रदेश की बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है. इस सरकार में एक भी यूनिट नई बिजली नहीं बनी. जब बिजली नहीं बनाई है तो मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जहां जाएंगे, उन्हें जनता के सवालों को सुनना ही पड़ेगा.
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को बड़े-बड़े कार्यालय बनाने की क्या जरूरत थी, भाजपा को चुनाव आयोग में ही एक फ्लोर ले लेना चाहिए. भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है, लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया. मीरापुर में महिलाओं पर पुलिस द्वारा रिवाल्वर तानने वाली तस्वीर कोई नहीं भूल सकता है. उत्तर प्रदेश में हुए सभी उपचुनाव रामपुर, मीरापुर, कुन्दरकी, बीकापुर, कटेहरी में भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलकर बेईमानी और धांधली की. भाजपा ने टारगेट करके वोट काटा. भाजपा हटेगी, तभी लोकतंत्र बचेगा. समाजवादी पार्टी पहले दिन से चुनाव आयोग की नियुक्ति के तरीके के खिलाफ हैं.
इसे भी पढ़ें- UP कांग्रेस की नई मुखिया! पार्टी का सोशल इंजीनियरिंग प्लान, महिला-ब्राह्मण चेहरे के तौर पर मोना को मिलेगी प्रदेश की कमान?
आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि पूरा देश इमरजेंसी के दौर से गुजर रहा है. आज भी वैसा ही दौर हैं जिस काल में पीडीए पर अत्याचार होगा वह सब आपातकाल है. स्वतंत्रता सेनानी के समान, लोकतंत्र रक्षक सेनानियों को भी सम्मान मिलेगा. भाजपा इस बार माइक्रोस्कोप लेकर भी काम करेगी तो भी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी उसे हरा देगी. प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है. हर दिन हत्याएं हो रही है. आम आदमी से लेकर साधु-संत तक कोई सुरक्षित नहीं है. सच्चे साधुओं की हत्या हो रही है.

