लखनऊ. TGT-PGT अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण का बयान सामने आया है. उन्होंने लाठीचार्ज को शर्मनाक बताते हुए योगी सरकार की निंदा की है. उन्होंने कहा कि प्रयागराज में अपने भविष्य और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे TGT-PGT अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कर उनकी आवाज दबाने का प्रयास बेहद शर्मनाक और निंदनीय है. शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ बल प्रयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता.

इसे भी पढ़ें- BSP में रिश्तों का चैप्टर खत्म? मायावती ने आकाश आनंद को किया आजाद, कहा- डबल माइंड होकर पार्टी का काम नहीं हो सकता

आगे उन्होंने कहा कि TGT-PGT अभ्यर्थी 5 सितंबर से पुराने नियमों के तहत भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. नई नियमावली में PGT भर्ती की पात्रता और परीक्षा प्रक्रिया में किए गए बदलावों का भी वे विरोध कर रहे हैं. कई अभ्यर्थी अन्न-जल त्याग कर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. ऐसे में सरकार को बल प्रयोग के बजाय छात्रों से बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकालना चाहिए.

चंद्रशेखर ने ये भी कहा कि सरकार के इशारे पर पूरे शहर में धारा 163 लागू किए जाने की जानकारी सामने आ रही है. सभी छात्रों से अपील है कि वे जहां हैं, वहीं रहें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें. वहीं, जो छात्र अभी लापता बताए जा रहे हैं, उन्हें तलाशने के लिए तत्काल प्रयास किए जाने चाहिए.

इसे भी पढ़ें- न किताबें, न रोशनी… फिर कैसे होगी पढ़ाई? रात के अंधेरे में सड़क पर उतरे सर्वोदय विद्यालय के छात्र

चंद्रशेखर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को छात्रों की जायज मांगें सुनकर उनके साथ न्याय करना चाहिए. लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे छात्रों के दमन के बजाय सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए. यूपी सरकार से हमारी मांग है कि गिरफ्तार किए गए सभी छात्रों को तत्काल रिहा किया जाए, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और TGT-PGT अभ्यर्थियों की मांगों पर तत्काल बातचीत कर उचित समाधान निकाला जाए.