लखनऊ. नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण ने शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी के साथ परीक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और परीक्षा प्रबंधन की बदहाली का यह आलम है कि PET की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को सुबह से ही परेशान होना पड़ रहा है. आगरा के RBS मेट्रो स्टेशन पर दोपहर 3 बजे की शिफ्ट में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी सुबह से इंतजार कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- ‘बड़के भइया’ की सेवा में लग गए’, विपक्ष की महारैली में शामिल होने पर राजभर का अखिलेश पर तंज, जानिए ऐसा क्या कहा?
आगे उन्होंने कहा कि विडंबना देखिए, इस परीक्षा से सीधे किसी को नौकरी नहीं मिलने वाली, बल्कि इसे पास करने के बाद भी युवाओं को सिर्फ परीक्षा पास करने का आभास होगा, नौकरी की गारंटी नहीं।इसके बावजूद लाखों बेरोजगार युवाओं को कितनी कठिनाइयों से गुजरना पड़ रहा है. परीक्षा केंद्र सैकड़ों किलोमीटर दूर न होते तो शायद अभ्यर्थियों को ऐसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की कृपा है कि महीनों से तैयार मेट्रो के इस खंड का उद्घाटन करने के लिए अभी तक समय नहीं निकाल पाए, जिसके चलते कम से कम अभ्यर्थियों को बैठने के लिए एक स्थान तो मिल गया. यह परीक्षा व्यवस्था केवल सरकार के कुप्रबंधन का परिचय नहीं है, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है. प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या पहले से ही विकराल है. युवा वर्षों तक मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन उन्हें समय पर भर्तियां, पारदर्शी परीक्षाएं और रोजगार के अवसर तक नहीं मिलते.
इसे भी पढ़ें- हाइवे पर मौत से सामना! काशी विश्वनाथ के दर्शन करने जा रहे लोगों से भरी मिनी बस पलटी, 12 लोगों का जो हाल हुआ…
आगे चंद्रशेखर ने ये भी कहा कि हम आप सभी युवाओं को विश्वास दिलाते हैं कि हमारी सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में सभी लंबित भर्तियों को पहले ही वर्ष में पूरा करने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा. साथ ही, प्रतिवर्ष नियमित और समयबद्ध भर्तियां सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि युवाओं को अपने भविष्य के लिए वर्षों तक इंतजार न करना पड़े. सरकार युवाओं को केवल परीक्षाओं में उलझाकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करना बंद करे. युवाओं को परीक्षा की औपचारिकताओं में नहीं, सम्मानजनक रोजगार और बेहतर भविष्य के अवसर चाहिए.

