लखनऊ. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तर प्रदेश की ओर से जारी मई-2026 हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड में लखनऊ ने प्रदेश के 75 जनपदों में पहला स्थान हासिल किया है. वहीं, लखनऊ मंडल ने भी 18 मंडलों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी मजबूत कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है.
इसे भी पढ़ें- चंदा चोरों पर बुलडोजर की कार्रवाई कब? राम मंदिर को लेकर कांग्रेस प्रभारी का सरकार पर हमला, PM मोदी पर दिया बड़ा बयान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, लखनऊ जिले ने 0.75 समेकित स्कोर के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. खास बात यह है कि मार्च 2026 में लखनऊ 16वें स्थान पर था, जबकि अप्रैल में उल्लेखनीय सुधार के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंचा और मई में भी अपनी बादशाहत बरकरार रखी. इसे प्रदेश में सर्वाधिक रैंक सुधार के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है. वहीं लखनऊ मंडल ने 0.66 समेकित स्कोर के साथ प्रदेश के सभी 18 मंडलों में पहला स्थान हासिल किया है.
कई मानकों में लखनऊ अव्वल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, लखनऊ ने कई अहम संकेतकों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग में जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा. इसके अलावा बीसीजी, पेंटा-1, पेंटा-2, पेंटा-3 और खसरा टीकाकरण के तहत पूर्ण टीकाकरण में भी लखनऊ ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया. परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत अस्थायी और स्थायी साधनों को अपनाने के मामले में भी जिले का प्रदर्शन बेहतर रहा. वहीं, ‘रिवर्सिबल मेथड एक्सेप्टेड पर 1000 एलिजिबल कपल्स’ संकेतक में पिछले महीने की तुलना में 425.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक है.
इसे भी पढ़ें- श्रीराम मंदिर चढ़ावे से गबन की गई राशि बरामद, 80 लाख रुपये और डॉलर की रिकवरी, सूची आई सामने
ब्लॉक स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन
जिले के बख्शी का तालाब, मल और मोहनलालगंज ब्लॉक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों में शामिल रहे. वहीं लखनऊ नगर, मलिहाबाद और गोसाईगंज ब्लॉकों ने पिछले महीने की तुलना में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया. विभाग का दावा है कि इस अवधि में किसी भी ब्लॉक के प्रदर्शन में गिरावट नहीं आई.
मंडल के अन्य जिलों का भी अच्छा प्रदर्शन
लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले अन्य जिलों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया है. हरदोई ने प्रदेश में नौवां, उन्नाव ने दसवां, रायबरेली ने 14वां, सीतापुर ने 21वां और लखीमपुर खीरी ने 25वां स्थान हासिल किया है. इससे मंडल की समग्र रैंकिंग मजबूत हुई है.
इसे भी पढ़ें- कहीं LOVE का लफड़ा तो नहीं! कमरे में मिली युवक-युवती की लाश, मौत की मिस्ट्री सुलझाने में जुटे कानून के रखवाले
टीमवर्क और मॉनिटरिंग का नतीजा
अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. जी.पी. गुप्ता ने इस उपलब्धि को पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था के सामूहिक प्रयास, नियमित अनुश्रवण और गुणवत्तापूर्ण सेवा प्रदायगी का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर समन्वित कार्य और परिणाम आधारित रणनीति के कारण यह सफलता मिली है.

