लखनऊ. सुभसपा प्रमुख औऱ योगी सरकार में मंत्री ओपी राजभर लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर हैं. उन्होंने कहा, अखिलेश यादव जी! राजनैतिक मतभेदों में हिंसा और गाली गलौज की जगह नहीं होनी चाहिए. कल आपके कार्यकर्ताओं ने जो किया, उसको कोई भी उचित नहीं ठहरा सकता. कल आपके कार्यकर्ता ने जो किया है, वो सिर्फ गलत ही नहीं, बल्कि अपराध की श्रेणी में आता है.

इसे भी पढ़ें- आत्महत्या नहीं, ‘सिस्टम’ ने मारा है! ऊंचाहार में पुलिसिया ‘प्रताड़ना’ की भेंट चढ़ा एक और नौजवान, तंग आकर फांसी लगाकर दी जान

आगे ओपी राजभर ने कहा, सुभासपा के कार्यालय पर कल आपके लोगों ने कार्यालय प्रभारी धर्म प्रकाश जी से गाली-गलौच की, हाथापाई की, पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी. आपके पालतू गुंडे इस हद तक उतर गए हैं. राजनीतिक दल के कार्यालय में घुसकर हमला कर रहे हैं और आप ये सब देखकर मुस्कुरा रहे होंगे. क्या ये आपके कहने पर हो रहा है? या आपके दोनों चाचाओं ने आपके कार्यकर्ताओं को इशारा किया है?

इसे भी पढ़ें- ‘संसद ठप करके किसे फायदा पहुंचा रहे हो?’ मायावती के एक बयान से विपक्ष में मचा हड़कंप!

आगे राजभर ने ये भी कहा कि लड़ाई लड़नी तो जनता के बीच आईये, मुद्दों की बात करिए. गुंडई से सपा चल सकती है, लोकतंत्र नहीं चलता है. वैसे, अखिलेश जी एक बात जान लीजिए. ओम प्रकाश राजभर नाम है मेरा. महराजा सुहेलदेव का वंशज हूं. कंसवादियों से न मैं डरता हूं और न मेरे कार्यकर्ता. बाकी आपके पालतू गुंडे का हिसाब कानून करेगा, देखते जाइए. जय भारत, जय श्रीराम, जय श्री कृष्ण, जय महाराज सुहेलदेव.