लखनऊ. बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने को लेकर मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि मित्र अखिलेश यादव जी! आज आप हमारे जिला बनारस पधार रहे हैं, मगर अफसोस कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने की भी आपकी हिम्मत नहीं हो रही. ऐसे ही कुछ दिन पहले अयोध्या गए थे, वहां भी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पास से मुंह घुमाकर निकल गए.

इसे भी पढ़ें- फतेहपुर में मंत्री कृष्णा पासवान की बहन से मारपीट, राइफल-तमंचे से हवाई फायरिंग का आरोप

आगे ओपी राजभर ने कहा कि मथुरा जाते हैं, लेकिन श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर की तरफ देखने से भी आपकी कंपकंपी छूटने लगती है. अरे मित्र! सावन में तो काशी का यदुवंशी समाज सबसे पहले बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता है. पिछले साल आपको निमंत्रित भी किया गया था, मगर फिर भी आप न जाने कौन सा बहाना मार के बैठ गए थे. सही कहा गया है कि जब भगवान की आज्ञा होती है तभी इंसान को उनके पावन स्वरूप के दर्शन मिलते हैं.

इसे भी पढ़ें- ₹40,000 और समाजवादी पेंशन! जानिए सरकार बनने पर महिलाओं के लिए क्या-क्या करने वाले हैं अखिलेश यादव?

ओपी राजभर ने ये भी कहा कि इस लिहाज से तो आपको आत्ममंथन जरूर करना चाहिए कि क्यों न तो प्रभु श्रीराम, न भगवान श्रीकृष्ण और ना ही समूचे विश्व के नाथ कहे जाने वाले हमारे बाबा विश्वेश्वर ही आपको अपने दरबार में फटकने देना चाहते हैं. न जाने क्यों, आपका मन केवल मस्जिद, मजार, ईदगाह, दरगाह और कब्रिस्तान में ही लगता है. अरे मित्र अखिलेश! इतनी भी तुष्टिकरण वाली राजनीति मत कीजिए कि हिन्दू समाज आपको धिक्कारने लगे.