लखनऊ. ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए करारा तंज कसा है. उन्होंने कहा कि अरे मित्र अखिलेश यादव जी! सुना है कि आप अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे. ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइये हो जाये दो-दो हाथ.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर फिर हमला, बोले- अब न ब्रज में प्रवेश मिलेगा, न अवध में

आगे उन्होंने कहा कि हमको नहीं पता था कि आप इतना टोना-टोटका मानने वाले हैं. वैसे बिना चुनाव लड़े आपका मुख्यमंत्री बन जाना कोई टोना-टोटका नहीं था मित्र! बल्कि रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादा होने के कारण मुख्यमंत्री बन पाए थे. अब जब, लग गया कि लड़ने गए तो मिट्टीपलीत होनी तय है तो लगे मैदान छोड़कर भागने?

आगे ओपी राजभर ने कहा कि मित्र अखिलेश जी, ये लाल टोपी वालों की सरकार नहीं है, जब प्रदेश टोना-टोटका वाले चलाया करते थे. नोएडा से लेकर आगरा, अयोध्या और मथुरा तक टोना-टोटका मानने वालों की सरकार को जनता ने 10 साल पहले ही उखाड़ के फेंक दिया है. आज हम लोगों ने मिलकर सारे टोना-टोटका, भूत-प्रेत, पिशाच सब झार दिये हैं. आपके सब भूत प्रेत गायब हैं. वैसे भी! ले दे के एक्कै बार सीएम बन पाए हैं आप.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा आज, नितिन नवीन और CM योगी होंगे शामिल; एक लाख भीड़ जुटाने का लक्ष्य

ओपी राजभर ने ये भी कहा कि अब आगे अगली पैदाइश तक उम्मीद भी नहीं है. तो कम से कम हिम्मत दिखते हुए किसी एक सीट से लड़ लिये होते. डर गए चुनौती पर. चलिए, बाबा विश्वनाथ आपका कल्याण करें. आपके पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, मगर कुछ ही दूर पर उनके दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला. कम से कम पास में ही काल भैरव बाबा के दरबार में चले गये होते. वहां आपके सब टोना-टोटका का इलाज हो गया होता.